कोलकाता: समाजवादी पार्टी की राज्यसभा सांसद और वरिष्ठ अभिनेत्री जया बच्चन ने शुक्रवार को कोलकाता में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी से उनके आवास पर मुलाकात की। इस बैठक को विपक्षी दलों के बीच बढ़ते संवाद और आगामी राजनीतिक रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
करीब एक घंटे तक चली इस मुलाकात में देश के मौजूदा राजनीतिक हालात, संसद के आगामी सत्र और विपक्षी दलों के बीच बेहतर समन्वय जैसे मुद्दों पर चर्चा होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, बैठक के बाद दोनों नेताओं की ओर से बातचीत के विषयों पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया।

मुलाकात के बाद जया बच्चन को विदा करने के लिए स्वयं ममता बनर्जी बाहर तक आईं। उनके साथ तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी और पार्टी सांसद महुआ मोइत्रा भी मौजूद रहीं। इस दौरान एक दिलचस्प दृश्य देखने को मिला, जब टीएमसी के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद डेरेक ओ’ब्रायन खुद कार चलाकर जया बच्चन को लेकर पहुंचे और बाद में उन्हें वापस लेकर गए।
राजनीतिक गलियारों में इस मुलाकात को विपक्षी दलों के बीच तालमेल मजबूत करने की दिशा में एक सकारात्मक संकेत माना जा रहा है। हाल के दिनों में विभिन्न विपक्षी नेताओं के बीच लगातार बैठकों का दौर जारी है। ऐसे में जया बच्चन और ममता बनर्जी की यह मुलाकात भी राष्ट्रीय राजनीति में विपक्ष की भावी रणनीति और एकजुटता को लेकर चर्चाओं का केंद्र बन गई है।
@MUSKAN KUMARI
