Home » Latest News » कुवैत एयरपोर्ट हमले में ईरान की भूमिका से इनकार, राजदूत बोले- पैट्रियट सिस्टम की विफलता से हुआ नुकसान

कुवैत एयरपोर्ट हमले में ईरान की भूमिका से इनकार, राजदूत बोले- पैट्रियट सिस्टम की विफलता से हुआ नुकसान

नई दिल्ली। भारत में ईरान के राजदूत मोहम्मद फतहाली ने कुवैत अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुए हमले में ईरान की किसी भी भूमिका से इनकार किया है। उन्होंने दावा किया कि तेहरान की सैन्य जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि एयरपोर्ट की ओर कोई ईरानी मिसाइल नहीं दागी गई थी। उनके अनुसार, एयरपोर्ट को हुआ नुकसान अमेरिकी निर्मित पैट्रियट रक्षा प्रणाली की विफलता के कारण हुआ, जिसके इंटरसेप्टर मिसाइल लक्ष्य भेदने में असफल रहने के बाद टर्मिनल क्षेत्र में गिर गए।

आईएएनएस को दिए एक साक्षात्कार में फतहाली ने कहा कि ईरान अपनी संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता की रक्षा के लिए सभी आवश्यक क्षमताओं का उपयोग करेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि कुवैत और बहरीन द्वारा अपने क्षेत्र और सैन्य सुविधाओं का इस्तेमाल ईरान के खिलाफ हमलों के लिए करने देना अंतरराष्ट्रीय कानून और अच्छे पड़ोसी संबंधों के खिलाफ है।

राजदूत ने कहा कि ईरान युद्ध नहीं चाहता और विवादों के समाधान के लिए हमेशा कूटनीति और संवाद का समर्थन करता है। हालांकि, उन्होंने आरोप लगाया कि 8 अप्रैल को घोषित युद्धविराम का अमेरिकी बलों ने कई बार उल्लंघन किया, जिसके जवाब में ईरान ने आत्मरक्षा के अधिकार के तहत कार्रवाई की।

अमेरिकी संसद में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ईरान संबंधी सैन्य शक्तियों को सीमित करने वाले प्रस्ताव पर फतहाली ने कहा कि यह अमेरिका का आंतरिक मामला है, लेकिन तनाव कम करने और क्षेत्रीय शांति बनाए रखने की दिशा में उठाया गया कोई भी कदम सकारात्मक माना जाएगा।

इस्राइल-लेबनान संघर्ष पर भी रखा पक्ष

इस्राइल-लेबनान संघर्ष के संबंध में ईरान के रुख को स्पष्ट करते हुए उन्होंने कहा कि लेबनान की संप्रभुता, स्वतंत्रता और क्षेत्रीय अखंडता का सम्मान किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि स्थायी शांति के लिए लेबनान के खिलाफ युद्ध समाप्त होना आवश्यक है।

वैश्विक समुदाय के लिए अपने संदेश में फतहाली ने कहा कि ईरान का इतिहास शांति, सह-अस्तित्व और संवाद का रहा है। उन्होंने कहा कि स्थायी शांति और सुरक्षा केवल अंतरराष्ट्रीय कानून के सम्मान, देशों के अधिकारों की मान्यता और रचनात्मक संवाद के माध्यम से ही संभव है। साथ ही उन्होंने कहा कि ईरान आपसी सम्मान और साझा हितों के आधार पर सहयोग और बातचीत के लिए हमेशा तैयार है।

@MUSKAN KUMARI

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Space

How to Bring Unique Traffic to a News Portal
Archives

Recent Posts