नई दिल्ली: जंतर-मंतर पर आयोजित प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप में एक महिला के खिलाफ दर्ज Zero FIR अब आगे की जांच के लिए दिल्ली पुलिस को स्थानांतरित कर दी गई है। पुलिस के अनुसार, घटना दिल्ली के जंतर-मंतर क्षेत्र में हुई थी, इसलिए मामले की जांच का अधिकार क्षेत्र दिल्ली पुलिस के पास है।
जानकारी के मुताबिक, सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल होने के बाद नोएडा निवासी रुचिका सिंह के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत में आरोप लगाया गया कि प्रदर्शन के दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। इसके आधार पर नोएडा के एक्सप्रेसवे थाना में Zero FIR दर्ज की गई।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि Zero FIR ऐसी व्यवस्था है, जिसके तहत किसी भी थाने में मामला दर्ज किया जा सकता है, भले ही घटना किसी अन्य क्षेत्र में हुई हो। इसके बाद संबंधित क्षेत्राधिकार वाले थाने या पुलिस इकाई को जांच के लिए मामला भेज दिया जाता है। इस प्रक्रिया के तहत यह मामला अब दिल्ली पुलिस को सौंप दिया गया है।

वहीं, प्रदर्शन आयोजित करने वाले संगठन CJP की ओर से इस कार्रवाई पर सवाल उठाए गए हैं। संगठन के प्रतिनिधियों का कहना है कि यदि किसी को बयान से आपत्ति है तो मानहानि जैसे कानूनी विकल्प मौजूद हैं, लेकिन अभिव्यक्ति से जुड़े मामलों में आपराधिक कार्रवाई उचित नहीं है। दूसरी ओर, पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कानून के अनुसार की जाएगी और सभी तथ्यों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई होगी।
@MUSKAN KUMARI
