पटना स्थित राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी (RLJP) के प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पशुपति कुमार पारस ने संगठन विस्तार और बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर अहम घोषणाएं कीं।
पारस ने वरिष्ठ नेता महताब आलम को बिहार प्रदेश का प्रधान महासचिव तथा सुनील कुमार सिन्हा को मुख्य प्रवक्ता नियुक्त किए जाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इन नियुक्तियों से पार्टी संगठन को और मजबूती मिलेगी।
इस दौरान बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में RLJP के प्रत्याशी तनवीर आलम का माला पहनाकर स्वागत किया गया। पशुपति कुमार पारस ने उनके चुनाव अभियान के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी और दलित सेना पूरी ताकत के साथ चुनाव प्रचार में जुटी हैं।
पारस ने दावा किया कि दलित, महादलित, पासवान समाज सहित वंचित और गरीब वर्गों का पार्टी को व्यापक समर्थन मिल रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि मुस्लिम समुदाय से आने वाले प्रत्याशी तनवीर आलम को जनता का विश्वास और समर्थन मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि बांकीपुर की जनता सम्मान, भागीदारी और सामाजिक न्याय की राजनीति चाहती है। पार्टी ने मतदाताओं से क्षेत्र के समग्र विकास और सामाजिक सौहार्द के लिए तनवीर आलम को समर्थन देने की अपील की।

प्रेस वार्ता में प्रदेश मीडिया प्रभारी चंदन कुमार, प्रदेश महासचिव राजेंद्र विश्वकर्मा, चंदन गांधी, दलित सेना के प्रदेश महासचिव राधाकांत पासवान, शिवनाथ पासवान, व्यावसायिक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष जयप्रकाश गुप्ता, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष शमीम आलम और अनुसूचित जनजाति प्रकोष्ठ के अध्यक्ष जितेंद्र पासवान सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
@MUSKAN KUMARI
