पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई, जबकि सात अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा खोरू कोटाय सईदबाद इलाके में उस समय हुआ जब एक यात्री कोच सड़क किनारे खड़ी बस से जा टकराई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, स्वात की ओर जा रही यात्री कोच में अचानक तकनीकी खराबी आ गई, जिसके कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। अनियंत्रित कोच तेज रफ्तार में सड़क किनारे खड़ी बस से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर ही कई यात्रियों की मौत हो गई और आसपास अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही मोटरवे पुलिस, रेस्क्यू 1122 की टीमें और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। बचाव दल ने तुरंत राहत और बचाव अभियान शुरू करते हुए घायलों को बाहर निकाला और नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया। मृतकों के शवों को भी अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल प्रशासन और बचाव अधिकारियों ने बताया कि मृतकों और घायलों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक अधिकांश यात्री दीर और बाजोड़ क्षेत्रों के निवासी थे और ईद की छुट्टियां मनाने अपने घर लौट रहे थे।
पुलिस ने कहा कि हादसे के पीछे तकनीकी खराबी मुख्य कारण प्रतीत हो रही है। हालांकि, मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है ताकि दुर्घटना के सही कारणों का पता लगाया जा सके।
खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में हाल के महीनों में सड़क दुर्घटनाओं के मामलों में लगातार बढ़ोतरी देखी गई है। इससे पहले 10 मई को स्वात की चारबाग तहसील में एक यात्री वैन खाई में गिर गई थी, जिसमें पांच लोगों की मौत और दस अन्य घायल हुए थे। वहीं, 6 अप्रैल को पेशावर में एक यात्री वैन दुर्घटनाग्रस्त होने से नौ लोग घायल हुए थे। इसके अलावा 31 मार्च को हजारा मोटरवे के पास एक मोटरवे पुलिस निरीक्षक की ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई थी।
@MUSKAN KUMARI
