नोएडा: उत्तर प्रदेश के जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से सोमवार को व्यावसायिक उड़ानों का संचालन शुरू हो गया। सुबह 8:05 बजे लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से रवाना हुई इंडिगो की पहली निर्धारित फ्लाइट 6E-2278 नोएडा एयरपोर्ट के रनवे पर उतरी। इसके साथ ही लंबे इंतजार के बाद देश के सबसे महत्वाकांक्षी ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट परियोजनाओं में शामिल इस एयरपोर्ट से नियमित उड़ान सेवाओं की शुरुआत हो गई।
केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू किंजरापु ने जेवर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान एयरपोर्ट का औपचारिक उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि यह दिन न केवल उत्तर प्रदेश बल्कि देश के विमानन क्षेत्र के लिए भी ऐतिहासिक और भावनात्मक क्षण है। उन्होंने एयरपोर्ट परियोजना के लिए अपनी जमीन देने वाले किसानों का विशेष रूप से आभार जताया।
लखनऊ से आई पहली फ्लाइट में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और कारोबारी शामिल थे। उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना का एयरपोर्ट पर स्वागत किया गया। इसके बाद यही विमान यात्रियों को लेकर बेंगलुरु के लिए रवाना हुआ। वहीं, नोएडा एयरपोर्ट से पहली उड़ान सुबह 8:30 बजे लखनऊ के लिए रवाना हुई, जिसमें एयरपोर्ट के लिए भूमि देने वाले 170 किसान और कामगार सवार थे। लखनऊ में उनकी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात प्रस्तावित है।
करीब 11,200 करोड़ रुपये की लागत से सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल के तहत विकसित इस ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के पहले चरण का निर्माण 1,334 हेक्टेयर क्षेत्र में पूरा हो चुका है। चारों चरणों के पूरा होने के बाद यह एशिया का सबसे बड़ा और दुनिया का छठा सबसे बड़ा एयरपोर्ट बनने की ओर अग्रसर होगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 28 मार्च 2026 को इस एयरपोर्ट का उद्घाटन किया था। शुरुआती चरण में यहां से देश के 45 शहरों के लिए लगभग 65 व्यावसायिक उड़ानें संचालित की जाएंगी। यह एयरपोर्ट उत्तर प्रदेश को वैश्विक एविएशन हब के रूप में स्थापित करने में अहम भूमिका निभाएगा।
@MUSKAN KUMARI
