सूरत। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात दौरे के दौरान आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत चल रही विकास परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए विपक्षी दलों पर निशाना साधा। सूरत के हजीरा और अंतरराज्यीय सड़क नेटवर्क जैसी परियोजनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि कुछ लोग देश में निराशा का माहौल बनाने और आत्मनिर्भर भारत अभियान का मजाक उड़ाने में लगे हैं।
बिना किसी राजनीतिक दल या नेता का नाम लिए प्रधानमंत्री ने कहा कि कुछ लोग भारत को नीचा दिखाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश की जनता अराजकता, अनिश्चितता और निराशा की राजनीति को पसंद नहीं करती।
प्रधानमंत्री मोदी ने हाल के राजनीतिक घटनाक्रमों का जिक्र करते हुए पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को मिली सफलता का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि विदेश यात्राओं के दौरान भी उन्हें बंगाल के जनादेश की चर्चा सुनने को मिली।
कर्नाटक में हाल ही में हुए नेतृत्व परिवर्तन का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में कांग्रेस के प्रति जनता में असंतोष बढ़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस पिछले 12 वर्षों से अराजकता और अनिश्चितता के माहौल में अपने लिए राजनीतिक अवसर तलाश रही है, लेकिन देश की जनता लगातार उसे जवाब दे रही है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि जिन राज्यों में कांग्रेस की सरकारें हैं, वहां की जनता कथित कुशासन से परेशान है। उन्होंने हिमाचल प्रदेश के निकाय चुनावों का हवाला देते हुए कहा कि वहां के मतदाताओं ने भी कांग्रेस को नकार दिया। साथ ही उन्होंने हरियाणा और पंजाब के चुनावी परिणामों का उल्लेख करते हुए कहा कि जनता ने स्पष्ट संदेश दिया है कि अवसरवादी राजनीति को स्वीकार नहीं किया जाएगा।
प्रधानमंत्री ने कहा कि देश विकास, स्थिरता और आत्मनिर्भरता के मार्ग पर आगे बढ़ रहा है और जनता का समर्थन इसी दिशा में दिखाई दे रहा है।
@MUSKAN KUMARI
