Home » Latest News » दिल्ली होटल अग्निकांड में 13 विदेशी नागरिकों की मौत, दूतावासों के संपर्क में विदेश मंत्रालय

दिल्ली होटल अग्निकांड में 13 विदेशी नागरिकों की मौत, दूतावासों के संपर्क में विदेश मंत्रालय

नई दिल्ली। विदेश मंत्रालय (एमईए) ने शुक्रवार को बताया कि दिल्ली के हौज रानी क्षेत्र स्थित एक होटल में लगी भीषण आग में जान गंवाने वालों में 13 विदेशी नागरिक भी शामिल हैं। मंत्रालय ने कहा कि वह संबंधित देशों के दूतावासों के संपर्क में है और दस्तावेजी प्रक्रिया के साथ-साथ चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने में सहयोग कर रहा है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने साप्ताहिक प्रेस वार्ता में बताया कि मृतकों में चार नाइजीरिया, तीन किर्गिस्तान तथा एक-एक मोजाम्बिक, उज्बेकिस्तान, बांग्लादेश, कांगो, लाइबेरिया और इराक के नागरिक शामिल हैं। उन्होंने कहा कि बुधवार को हुई इस घटना में कुल 21 लोगों की मौत हुई थी, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं। उपलब्ध जानकारी के अनुसार करीब 20 से 22 विदेशी नागरिक भी इस हादसे में घायल हुए हैं।

प्रवक्ता ने कहा कि भारत सरकार सभी प्रभावित देशों के दूतावासों के साथ लगातार संपर्क में है ताकि आवश्यक सहायता सुनिश्चित की जा सके।

अवैध रूप से भारत में रह रहे विदेशी नागरिकों के मुद्दे पर रणधीर जायसवाल ने कहा कि ऐसे मामलों में भारतीय कानूनों के अनुसार कार्रवाई की जाती है। उन्होंने बताया कि बांग्लादेश सहित अन्य देशों के संदिग्ध नागरिकों की पहचान की पुष्टि के लिए संबंधित देशों को जानकारी भेजी जाती है और पुष्टि के बाद ही निर्वासन की प्रक्रिया आगे बढ़ती है। उन्होंने कहा कि कई मामले अभी बांग्लादेश के पास लंबित हैं और उम्मीद है कि उनका जल्द निपटारा होगा।

नेपाल के विदेश मंत्री के भारत दौरे पर उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच विकास सहयोग, व्यापार, निवेश और लोगों के आपसी संबंधों समेत कई अहम मुद्दों पर व्यापक चर्चा होगी। भारत और नेपाल के बीच बहुआयामी साझेदारी को और मजबूत करने पर विशेष जोर दिया जाएगा।

भारत-अमेरिका व्यापार वार्ता पर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि अमेरिका के यूएस ट्रेड रिप्रेजेंटेटिव (यूएसटीआर) कार्यालय के प्रतिनिधिमंडल के साथ हुई बातचीत सकारात्मक और रचनात्मक रही। दोनों देशों ने अंतरिम व्यापार समझौते और द्विपक्षीय व्यापार समझौते को आगे बढ़ाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है।

वहीं, स्विट्जरलैंड के राजदूत के जम्मू-कश्मीर दौरे का उल्लेख करते हुए रणधीर जायसवाल ने कहा कि वहां कई महत्वपूर्ण बैठकें हुईं। उन्होंने दोहराया कि जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है।

@MUSKAN KUMARI

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Space

How to Bring Unique Traffic to a News Portal
Archives

Recent Posts