तेल अवीव/कुवैत सिटी। पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच इस्राइल ने दावा किया है कि उसने हमास के सैन्य प्रमुख मोहम्मद ओदेह को गाजा में किए गए हवाई हमले में मार गिराया है। इस्राइली सेना और प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की ओर से जारी बयान में कहा गया कि ओदेह हमास के नए सैन्य कमांडर थे और 7 अक्टूबर हमले के प्रमुख योजनाकारों में शामिल थे। बाद में हमास ने भी ओदेह की मौत की पुष्टि कर दी।
इधर, अमेरिका-ईरान संघर्ष के बीच कुवैत पर कथित ईरानी मिसाइल हमले की खबरों ने क्षेत्र में तनाव और बढ़ा दिया है। कुवैत और अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, कई मिसाइलों और ड्रोन को इंटरसेप्ट किया गया। अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने इसे युद्धविराम का गंभीर उल्लंघन बताया है।
बताया जा रहा है कि हाल के दिनों में अमेरिका द्वारा ईरान से जुड़े ठिकानों पर की गई कार्रवाई के बाद ईरान ने जवाबी हमले तेज कर दिए हैं। वहीं, इस्राइल लगातार गाजा और लेबनान में हमले कर रहा है, जिससे पूरे पश्चिम एशिया में हालात बेहद तनावपूर्ण बने हुए हैं।
@MUSKAN KUMARI
