नई दिल्ली: संसद भवन में कई दिनों से जारी गतिरोध के बीच मंगलवार को सत्ता पक्ष और विपक्ष के सांसद आमने-सामने आ गए। संसद परिसर के मकर द्वार पर दोनों पक्षों के सांसदों ने एक-दूसरे के खिलाफ नारेबाजी की और अपने-अपने मुद्दों को लेकर प्रदर्शन किया।
विपक्षी सांसद दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस की कार्रवाई और राम मंदिर के चढ़ावे में कथित चोरी के मुद्दे पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से सदन में जवाब मांग रहे हैं। विपक्ष का कहना है कि अमित शाह संसद में आकर बताएं कि प्रदर्शन के दौरान छात्रों पर पुलिस ने कथित तौर पर सख्ती क्यों की।
वहीं, अब NDA सांसदों ने झारखंड में प्रदर्शनकारी छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई को मुद्दा बनाकर विपक्ष, खासकर राहुल गांधी, पर निशाना साधा है। सत्ता पक्ष के सांसदों का आरोप है कि राहुल गांधी दिल्ली के छात्रों के मुद्दे पर सवाल उठा रहे हैं, लेकिन झारखंड में छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई पर चुप हैं। NDA सांसदों ने इसे राहुल गांधी का ‘दोहरा रवैया’ बताया।
सत्ता पक्ष इस बात पर भी जोर दे रहा है कि झारखंड सरकार में कांग्रेस सहयोगी है। NDA सांसदों का कहना है कि जब पुलिस कार्रवाई पर संसद में चर्चा होगी तो दिल्ली के साथ झारखंड का मुद्दा भी उठाया जाएगा।

अमित शाह जवाब देने को तैयार: रिजिजू
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा है कि गृह मंत्री अमित शाह विपक्ष के हर सवाल का जवाब देने के लिए तैयार हैं। हालांकि, उन्होंने विपक्ष से गृह मंत्री का जवाब शांति से सुनने की अपील की।
दूसरी ओर, राहुल गांधी का कहना है कि विपक्ष को केवल यह जवाब चाहिए कि दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस ने कथित तौर पर बर्बरता क्यों की। दोनों पक्षों के बीच सहमति नहीं बनने के कारण लोकसभा की कार्यवाही लगातार प्रभावित हो रही है।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला भी सदन चलाने की अपील कर चुके हैं। उन्होंने कहा था कि सरकार विपक्ष की मुख्य मांग पर गृह मंत्री के जवाब के लिए तैयार है और अन्य मुद्दों पर भी चर्चा की जा सकती है।
प्रियंका गांधी और NDA सांसदों में भी नोकझोंक
मंगलवार को संसद परिसर में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के पहुंचने पर भाजपा सांसद मुकेश दलाल ने नारेबाजी की। उन्होंने ‘शर्म करो’ और राहुल गांधी के खिलाफ नारे लगाए।
इस पर प्रियंका गांधी ने जवाब देते हुए कहा कि राहुल गांधी पहले ही झारखंड में आंदोलनकारी छात्रों से मिल चुके हैं। भाजपा सांसद ने उनसे झारखंड जाने को कहा, जिस पर दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक हुई।
बाद में प्रियंका गांधी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि विपक्ष के दबाव के चलते अब सत्ता पक्ष के सांसद भी प्रदर्शन करने लगे हैं।
झारखंड में सोमवार को प्रदर्शन कर रहे छात्रों को नियंत्रित करने के लिए पुलिस द्वारा लाठीचार्ज और पानी की बौछार किए जाने के बाद यह मुद्दा अब संसद में भी सियासी टकराव का नया केंद्र बन गया है।
@MUSKAN KUMARI
