रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने महाराष्ट्र के शिरडी में एक आधुनिक मिसाइल कॉम्प्लेक्स और आर्टिलरी शेल प्रोडक्शन लाइन का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने भारत की बढ़ती सैन्य ताकत, रक्षा उत्पादन में आत्मनिर्भरता और भविष्य के बड़े लक्ष्यों पर विस्तार से बात की।
राजनाथ सिंह ने कहा कि एक समय था जब भारत को दुनिया में केवल हथियारों का आयातक देश माना जाता था, लेकिन अब तस्वीर तेजी से बदल रही है। उन्होंने विश्वास जताते हुए कहा कि अगले 25 से 30 वर्षों में भारत को दुनिया का सबसे बड़ा हथियार निर्यातक देश बनने से कोई नहीं रोक सकता।
रक्षा मंत्री ने रक्षा क्षेत्र में निजी कंपनियों की बढ़ती भूमिका पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य रक्षा उत्पादन में निजी क्षेत्र की हिस्सेदारी को बढ़ाकर 50 प्रतिशत तक पहुंचाना है। अब निजी कंपनियां केवल छोटे पुर्जे बनाने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि आधुनिक और हाईटेक हथियार प्रणालियां भी तैयार कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि जब सरकार की दूरदर्शी नीतियां और निजी क्षेत्र के नवाचार साथ आते हैं, तो देश विकास की नई ऊंचाइयों को छूता है। राजनाथ सिंह ने महाराष्ट्र सरकार और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की भी सराहना करते हुए कहा कि राज्य में विकास, शांति और स्थिरता का माहौल तेजी से आगे बढ़ रहा है।
रक्षा मंत्री ने कहा कि भारत में प्रतिभा और साहस की कोई कमी नहीं है, लोगों को केवल सही अवसर देने की जरूरत है। उन्होंने उद्यमी गणेश निबे के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि भारतीय उद्यमी बड़े लक्ष्य हासिल करने की क्षमता रखते हैं।
अपने संबोधन के अंत में उन्होंने कहा कि शिरडी की पवित्र भूमि से भारत की रक्षा और अंतरिक्ष क्षेत्र में आत्मनिर्भरता के नए युग की शुरुआत हो रही है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए सभी को बधाई दी।
@MUSKAN KUMARI
