Home » Latest News » नवादा में 10 करोड़ की साइबर ठगी का खुलासा

नवादा में 10 करोड़ की साइबर ठगी का खुलासा

अंतरराज्यीय गिरोह का सदस्य गिरफ्तार, निवेश के नाम पर लोगों को बनाते थे शिकार

नवादा। बिहार के नवादा जिले में साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने करोड़ों रुपये की ऑनलाइन ठगी करने वाले एक बड़े अंतरराज्यीय गिरोह का खुलासा किया है। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जो कथित तौर पर साइबर ठगों के लिए रकम रिसीव करने और उसे अलग-अलग जगहों तक पहुंचाने का काम करता था।

पुलिस जांच में “सोनाली एंटरप्राइजेज” नाम के बैंक खाते के जरिए महाराष्ट्र, राजस्थान समेत कई राज्यों में करीब 10 करोड़ रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। इस पूरे नेटवर्क का खुलासा तब हुआ जब बिहार की आर्थिक अपराध इकाई ने नवादा साइबर थाना को संदिग्ध बैंक खाते की जानकारी दी।

पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान के निर्देश पर तत्काल विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। तकनीकी जांच, बैंक डिटेल्स, साइबर पोर्टल और ह्यूमन इंटेलिजेंस के आधार पर जांच आगे बढ़ी तो ठगी के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ।

Ad.
Ad.

हेडक्वार्टर डीएसपी निशु मलिक ने प्रेस वार्ता में बताया कि नगर थाना क्षेत्र के कोनिया निवासी बालवीर प्रसाद को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी पर आरोप है कि वह साइबर अपराधियों के लिए बैंक खाते उपलब्ध कराता था और ठगी की रकम को इधर-उधर ट्रांसफर कराने में मदद करता था।

जांच के दौरान आरोपी के खाते में 1 करोड़ 4 लाख रुपये के संदिग्ध लेन-देन मिले हैं। इनमें 40 लाख, 46 लाख, 18 लाख और 3 लाख रुपये की अलग-अलग ट्रांजैक्शन शामिल हैं। पुलिस के अनुसार साइबर पोर्टल पर इस खाते के खिलाफ कई राज्यों से शिकायतें दर्ज हैं।

प्राथमिक जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह लोगों को ऑनलाइन निवेश, शेयर मार्केट और भारी मुनाफे का झांसा देकर अपने जाल में फंसाता था। इसके बाद फर्जी लिंक और निवेश योजनाओं के जरिए करोड़ों रुपये की ठगी की जाती थी।

SIT टीम ने 8 मई 2026 को कोनिया इलाके में छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। इस मामले में साइबर थाना, नवादा में कांड संख्या 50/26 दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

एसपी अभिनव धीमान ने कहा कि जिले में साइबर अपराधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और ऐसे गिरोहों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ऑनलाइन निवेश और ज्यादा मुनाफे के लालच में किसी अनजान लिंक या ऑफर पर भरोसा न करें।

@MUSKAN KUMARI

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *