Home » Latest News » झांसी में भीषण सड़क हादसा, अतीक अहमद के बेटे अबान अहमद समेत दो की मौत; तीन गंभीर घायल

झांसी में भीषण सड़क हादसा, अतीक अहमद के बेटे अबान अहमद समेत दो की मौत; तीन गंभीर घायल

झांसी: उत्तर प्रदेश के झांसी-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार को हुए भीषण सड़क हादसे में पूर्व सांसद और कुख्यात बाहुबली अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद समेत दो लोगों की मौत हो गई। हादसे में तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका इलाज महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। पुलिस ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, हादसा झांसी के पूंछ थाना क्षेत्र में हुआ। अबान अहमद अपने साथियों के साथ झांसी जेल में बंद अपने बड़े भाई अली अहमद से मुलाकात कर प्रयागराज लौट रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर हाईवे के डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मोठ ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने अबान अहमद और उसके एक साथी को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल तीन अन्य लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। घायलों में मोहम्मद जैद और उमर सहित तीन लोगों के शामिल होने की जानकारी सामने आई है।

Ad.
Ad.

पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और वाहन से नियंत्रण खोना माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

गौरतलब है कि वर्ष 2023 में उमेश पाल हत्याकांड के बाद अबान अहमद और उसके भाई अहजम को नाबालिग होने के कारण बाल संरक्षण गृह भेजा गया था। बाद में अक्टूबर 2023 में दोनों को उनकी बुआ की सुपुर्दगी में रिहा कर दिया गया था। वहीं, अली अहमद को 1 अक्टूबर 2025 को नैनी जेल से झांसी जेल स्थानांतरित किया गया था। बताया जा रहा है कि अबान अपने भाई से मुलाकात कर लौट रहा था, तभी यह दर्दनाक हादसा हो गया। घटना के बाद अस्पताल और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है।

@MUSKAN KUMARI

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Space

How to Bring Unique Traffic to a News Portal
Archives

Recent Posts