मुंबई। दाऊदी बोहरा समुदाय के 2024 के चर्चित उत्तराधिकार विवाद मामले में फैसला सुनाने वाले बॉम्बे हाईकोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीश गौतम पटेल और उनका परिवार इन दिनों गंभीर सुरक्षा संकट का सामना कर रहा है। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, पिछले दस महीनों से उन्हें भारत से लेकर ब्रिटेन तक लगातार धमकी भरे पत्र भेजे जा रहे हैं।
ताजा मामला 5 जून का है, जब लंदन में रहने वाली जस्टिस पटेल की बेटी को जर्मनी के डाक टिकट वाला एक पत्र मिला। इसमें परिवार को खत्म करने के लिए कथित तौर पर ‘सुपारी’ दिए जाने का दावा किया गया है। पत्र के साथ एक डिजिटल स्टोरेज डिवाइस भी भेजी गई, जिसे लंदन पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
धमकी देने वालों ने पूर्व न्यायाधीश पर यूट्यूब पर वीडियो जारी कर यह कहने का दबाव बनाया है कि उन्होंने 2024 का फैसला दबाव में सुनाया था। साथ ही उनसे सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की भी मांग की गई है। इस घटनाक्रम की बॉम्बे बार एसोसिएशन ने कड़ी निंदा करते हुए दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
गौरतलब है कि 24 अप्रैल 2024 को जस्टिस गौतम पटेल की पीठ ने दाऊदी बोहरा समुदाय के 53वें दाई अल-मुतलक के रूप में सैयदना मुफद्दल सैफुद्दीन की नियुक्ति को वैध ठहराते हुए खुजैमा कुतुबुद्दीन पक्ष की याचिका खारिज कर दी थी। यह मामला फिलहाल बॉम्बे हाईकोर्ट की डिवीजन बेंच के समक्ष लंबित है।
@MUSKAN KUMARI
