नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में बुधवार सुबह हुए भीषण अग्निकांड में 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। लेमन ग्रीन नामक रेस्टोरेंट से शुरू हुई आग ने देखते ही देखते पूरी पांच मंजिला इमारत को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
दिल्ली फायर सर्विस के अनुसार, सुबह करीब 9:45 बजे आग लगने की सूचना मिली, जिसके बाद दमकल विभाग की 10 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया, जबकि राहत और बचाव कार्य जारी है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, इमारत के निचले हिस्से में संचालित होटल और रेस्टोरेंट से आग की शुरुआत हुई थी। आग तेजी से फैलने के कारण कई लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका।
बेसमेंट में फंसे कई लोगों को गंभीर हालत में बाहर निकाला गया, जिनमें से तीन को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार, ग्राउंड फ्लोर का कांच टूटने के बाद आग की लपटें तेजी से बेसमेंट तक पहुंच गईं। जान बचाने के लिए कई लोगों ने बालकनी और खिड़कियों से छलांग लगा दी। स्थानीय निवासियों ने नीचे गद्दे बिछाकर कई लोगों की जान बचाने का प्रयास किया।
आग के कारणों की होगी जांच
डीडीएमए साउथ डिस्ट्रिक्ट के एसडीएम जितेंद्र कुमार ने घटनास्थल का जायजा लेने के बाद बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। साथ ही एमसीडी से यह जानकारी मांगी गई है कि रिहायशी इलाकों में संचालित होटल और रेस्टोरेंट को किस आधार पर लाइसेंस प्रदान किए गए थे। प्रशासन ने ऐसे प्रतिष्ठानों की जांच कराने की बात कही है।
विधायक ने बताया दुखद हादसा
मालवीय नगर के विधायक सतीश उपाध्याय ने घटना को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि सूचना मिलते ही प्रशासन और राहत एजेंसियों को सक्रिय कर दिया गया था। उन्होंने बताया कि घायलों का उपचार कराया जा रहा है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
