Home » Latest News » डी.के. शिवकुमार आज लेंगे कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद की शपथ, लोक भवन में होगा समारोह

डी.के. शिवकुमार आज लेंगे कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद की शपथ, लोक भवन में होगा समारोह

बेंगलुरु। कर्नाटक में नई सरकार के गठन की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। कांग्रेस विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद डी.के. शिवकुमार बुधवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। बेंगलुरु स्थित लोक भवन के ग्लास हाउस में आयोजित समारोह में राज्यपाल थावरचंद गहलोत शाम 4:05 बजे उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। उनके साथ कुछ मंत्रियों को भी शपथ दिलाई जाएगी।

64 वर्षीय डी.के. शिवकुमार को कर्नाटक में वोक्कालिगा समुदाय के प्रभावशाली नेता के रूप में जाना जाता है। कांग्रेस विधायक दल ने 30 मई को उन्हें अपना नेता चुना था, जिसके बाद उनके मुख्यमंत्री बनने की औपचारिक घोषणा लगभग तय मानी जा रही थी। शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी समेत कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।

छात्र राजनीति से शुरू हुआ सफर

डोड्डालाहल्ली केम्पेगौड़ा शिवकुमार का जन्म 15 मई 1962 को कर्नाटक के कनकपुरा में हुआ था। उन्होंने छात्र राजनीति से अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत की और वर्ष 1989 में पहली बार विधायक चुने गए। इसके बाद वह कई बार विधानसभा पहुंचे और राज्य की राजनीति में अपनी मजबूत पहचान बनाई।

संगठन और रणनीति के मास्टर माने जाते हैं शिवकुमार

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डी.के. शिवकुमार को पार्टी का संकटमोचक भी माना जाता है। वर्ष 2019 में कांग्रेस-जेडीएस गठबंधन संकट के दौरान उन्होंने विधायकों को एकजुट रखने में अहम भूमिका निभाई थी। वह ऊर्जा मंत्री और जल संसाधन मंत्री जैसे महत्वपूर्ण विभागों का दायित्व भी संभाल चुके हैं। वर्ष 2020 में उन्हें कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष बनाया गया, जिसके बाद पार्टी को मजबूत करने में उनकी बड़ी भूमिका रही।

मुख्यमंत्री के रूप में अब उनके सामने राज्य के विकास, संगठनात्मक मजबूती और राजनीतिक संतुलन बनाए रखने की चुनौती होगी।

@MUSKAN KUMARI

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Space

How to Bring Unique Traffic to a News Portal
Archives

Recent Posts