कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (CUET-UG) 2026 की परीक्षा के दौरान कई केंद्रों पर हुई देरी को लेकर राजनीतिक विवाद शुरू हो गया है। लोकसभा में विपक्ष के नेता ने परीक्षा प्रबंधन को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है, जबकि ने तकनीकी गड़बड़ी को देरी की वजह बताया है।
परीक्षा के दौरान देश के कई केंद्रों पर तकनीकी समस्याएं सामने आईं, जिसके कारण निर्धारित समय पर परीक्षा शुरू नहीं हो सकी। इसके बाद छात्रों और अभिभावकों में चिंता बढ़ गई। हालांकि, NTA ने स्पष्ट किया कि तकनीकी समस्या को जल्द ठीक कर लिया गया और सभी प्रभावित अभ्यर्थियों को पूरा परीक्षा समय दिया गया, ताकि किसी का नुकसान न हो।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर केंद्र सरकार की आलोचना करते हुए लिखा कि NEET, CBSE, SSC और अब CUET जैसी परीक्षाओं में लगातार समस्याएं सामने आ रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि देश की शिक्षा व्यवस्था गंभीर चुनौतियों का सामना कर रही है और छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है।
वहीं NTA ने अपने बयान में कहा कि सुबह की पाली के सभी उम्मीदवारों को पूरा समय दिया गया। एजेंसी ने छात्रों और अभिभावकों को हुई असुविधा के लिए खेद भी व्यक्त किया। सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर और ईमेल सुविधा भी जारी की गई है।
CUET-UG देश की प्रमुख प्रवेश परीक्षाओं में से एक है, जिसके माध्यम से केंद्रीय और अन्य भाग लेने वाले विश्वविद्यालयों में स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश दिया जाता है। बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों और विभिन्न विषय संयोजनों के कारण परीक्षा कई दिनों और कई शिफ्टों में आयोजित की जाती है।
इस वर्ष CUET-UG 2026 परीक्षा 11 मई से शुरू हुई है और 31 मई तक विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जा रही है। हाल के महीनों में विभिन्न प्रतियोगी और प्रवेश परीक्षाओं को लेकर उठे सवालों के बीच CUET में हुई देरी ने परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता और व्यवस्थाओं को लेकर नई बहस छेड़ दी है।
फिलहाल NTA का कहना है कि परीक्षा प्रक्रिया को सुचारु और पारदर्शी बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं, जबकि विपक्ष इस मुद्दे पर सरकार से जवाब मांग रहा है।
@MUSKAN KUMARI
