Home » Latest News » देवगांव टोल प्लाजा पर धधका डंपर, एक घंटे तक जलती रहीं आग की लपटें

देवगांव टोल प्लाजा पर धधका डंपर, एक घंटे तक जलती रहीं आग की लपटें

 

मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में शनिवार सुबह झांसी-खजुराहो फोरलेन पर स्थित देवगांव टोल प्लाजा के पास एक बड़ा हादसा हो गया। बमीठा थाना क्षेत्र में एक डंपर में अचानक आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि देखते ही देखते पूरा डंपर धू-धू कर जलने लगा और करीब एक घंटे तक आग की लपटें उठती रहीं। इस घटना में टोल प्लाजा को भी नुकसान पहुंचने की जानकारी सामने आई है।

जानकारी के अनुसार, डंपर (क्रमांक MP16ZF8199) बमीठा से छतरपुर की ओर जा रहा था। शनिवार सुबह करीब 8 बजे जैसे ही वाहन देवगांव टोल प्लाजा पर पहुंचा, तभी उसमें अचानक आग लग गई। शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी माना जा रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग लगते ही डंपर चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए केबिन में रखे कंबल से आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग तेजी से फैल गई। कुछ ही मिनटों में आग ने पूरे डंपर को अपनी चपेट में ले लिया। स्थिति बिगड़ती देख चालक ने तुरंत कूदकर अपनी जान बचाई।

बताया जा रहा है कि डंपर में डस्ट भरी हुई थी, जिससे आग और तेजी से फैल गई। घटना के बाद टोल प्लाजा पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर पहुंची दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

इस हादसे में डंपर पूरी तरह जलकर खाक हो गया, जबकि टोल प्लाजा के कुछ हिस्सों को भी नुकसान पहुंचा है। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है। घटना के बाद कुछ समय के लिए फोरलेन मार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *