संवेदनशील पुलिसिंग का उदाहरण दे रही गौतमबुद्ध नगर पुलिस
एशियन टाइम्स डेस्क | नोएडा
गौतमबुद्ध नगर कमिश्नरेट पुलिस प्रदेश में संवेदनशील और जवाबदेह पुलिसिंग का एक उत्कृष्ट उदाहरण बनकर उभर रही है। मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा जारी इंटीग्रेटेड ग्रिवेंस रेड्रेसल सिस्टम (IGRS) की मूल्यांकन रिपोर्ट में फरवरी-मार्च 2025 से लगातार बेहतर प्रदर्शन करते हुए यह कमिश्नरेट प्रदेश के शीर्ष स्थानों में बना हुआ है।
रिपोर्ट के अनुसार, IGRS पोर्टल पर प्राप्त जन शिकायतों के त्वरित और प्रभावी निस्तारण से पुलिस की कार्यशैली में सुधार देखने को मिला है। शिकायतों के समाधान में पारदर्शिता और समयबद्ध कार्रवाई के चलते जनता का भरोसा भी लगातार बढ़ रहा है।
पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह ने बताया कि सरकार द्वारा शुरू किए गए ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से नागरिकों की शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है। किसी भी विभाग से संबंधित शिकायत दर्ज कर नागरिक सीधे समाधान प्राप्त कर सकते हैं। शिकायतों पर अधिकारियों द्वारा पीड़ितों से संपर्क कर उनकी समस्याओं का समाधान किया जाता है, जिसकी हर शुक्रवार समीक्षा भी की जाती है।
गौतमबुद्ध नगर पुलिस की यह कार्यप्रणाली प्रदेश में सबसे बेहतर मानी जा रही है। शिकायतों के पारदर्शी और निष्पक्ष निस्तारण से आमजन का विश्वास पुलिस प्रशासन के प्रति मजबूत हुआ है। यही कारण है कि हर माह जारी होने वाली रिपोर्ट में कमिश्नरेट पुलिस लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही है।
संदिग्ध गतिविधियों की सूचना देने की अपील
कमिश्नरेट पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत स्थानीय थाने या डायल 112 पर दें। प्राप्त सूचनाओं के आधार पर समय-समय पर विशेष अभियान चलाए जाते हैं।
पुलिस द्वारा तीनों जोन में कई बार कार्रवाई की जा चुकी है। मादक पदार्थों की बिक्री करने वालों के साथ-साथ खुलेआम नशा करने वालों पर भी सख्त कार्रवाई की जा रही है। गौतमबुद्ध नगर पुलिस की सक्रियता, पारदर्शिता और जनता के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण न केवल कानून व्यवस्था को मजबूत कर रहा है, बल्कि पुलिस-जनता के बीच विश्वास का रिश्ता भी और अधिक सुदृढ़ बना रहा है।
