Home » Latest News » गुवाहाटी में 10.90 लाख के नकली नोट बरामद, यूपी के तीन आरोपी गिरफ्तार; अंतरराज्यीय गिरोह की आशंका

गुवाहाटी में 10.90 लाख के नकली नोट बरामद, यूपी के तीन आरोपी गिरफ्तार; अंतरराज्यीय गिरोह की आशंका

गुवाहाटी: असम पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गुवाहाटी से उत्तर प्रदेश के तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 10.90 लाख रुपये की नकली भारतीय मुद्रा बरामद की गई है। पुलिस को आशंका है कि मामला किसी बड़े अंतरराज्यीय नकली नोट गिरोह से जुड़ा हो सकता है। फिलहाल विभिन्न राज्यों में इस नेटवर्क के तार खंगाले जा रहे हैं।

पुलिस के अनुसार, बुधवार को मिली गुप्त सूचना के आधार पर गुवाहाटी के सिक्स माइल स्थित पंजाबी रोड पर उत्तर प्रदेश नंबर (UP-35 BV-8240) की एक कार को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान वाहन से 500-500 रुपये के नकली नोट, जिनकी कुल कीमत 10.90 लाख रुपये है, बरामद किए गए।

Ad.
Ad.

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनुज गुप्ता (34), निवासी उन्नाव, महेश शुक्ला (32), निवासी कानपुर और रोशन गुप्ता (28), निवासी कानपुर के रूप में हुई है। पुलिस तीनों से पूछताछ कर रही है।

तलाशी के दौरान पुलिस को नकली नोटों के अलावा गैस कटर, गैस सिलेंडर, धारदार हथियार (दाव), गोल्ड फ्लेम लाइटर और कटिंग प्लायर भी मिले हैं। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इन उपकरणों का इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था।

पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। अब यह जांच की जा रही है कि नकली नोट कहां से लाए गए थे, इन्हें असम में कहां खपाने की योजना थी और इस गिरोह के तार किन-किन राज्यों से जुड़े हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच आगे बढ़ने के साथ इस मामले में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं|

@MUSKAN KUMARI

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *